तो क्या अडानी-अंबानी भी शामिल होंगे G20 डिनर में? पीएसयू वॉच
हिन्दी न्यूज़

तो क्या अडानी-अंबानी भी शामिल होंगे G20 डिनर में?

सरकारी हवाले से जारी एक बयान में कहा गया है कि अडानी-अंबानी समेत शीर्ष उद्योगपतियों के G20 डिनर में शामिल होने की खबर कोरी अफवाह है, ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं है

पीएसयू वॉच हिंदी

नई दिल्ली/ G20 News/ जी20 न्यूज़ः मीडिया में कल से ही गौतम अडानी और मुकेश अंबानी समेत शीर्ष कारोबारी शनिवार शाम को G20 शिखर सम्मेलन के विशेष रात्रिभोज में शामिल होने की खबरें चल रही थीं जिन पर सरकार के स्पष्टीकरण के बाद लगाम लग गयी है. सरकारी फैक्ट चेक एजेंसी के मुताबिक अडानी, अंबानी समेत इन कारोबारियों के G20 डिनर में शामिल होने की खबर कोरी अफवाह है, ऐसा कोई कार्यक्रम नहीं है.

सरकार का स्पष्टीकरण उन रिपोर्टों के बाद आया है जिसमें दावा किया गया था कि लगभग 500 प्रमुख व्यवसायियों को 'शंख के आकार में बिल्कुल नए 300 मिलियन डॉलर के आयोजन स्थल' पर कार्यक्रम के लिए आमंत्रित किया गया था.

“यह दावा भ्रामक है." पीआईबी फैक्ट चेक सोशल मीडिया हैंडल के एक ट्वीट में कहा गया है, "किसी भी बिजनेस लीडर को रात्रिभोज में आमंत्रित नहीं किया गया है."

आधिकारिक सूत्रों के हवाले से न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट में पहले संकेत दिया गया था कि "G20 डिनर में शिखर सम्मेलन के दौरान भारत के दिग्गजों को इकट्ठा करने का एक अवसर होगा". कथित तौर पर टाटा संस के अध्यक्ष एन चंद्रशेखरन, अरबपति कुमार मंगलम बिड़ला और भारती एयरटेल के संस्थापक अध्यक्ष सुनील मित्तल सहित 500 व्यापारियों को आमंत्रित किया गया था.

राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार को दुनिया भर से आए विदेशी प्रतिनिधियों और नेताओं का स्वागत शुरू हो गया. G20 शिखर सम्मेलन 9 और 10 सितंबर को भारत मंडपम में अंतर्राष्ट्रीय प्रदर्शनी-सह-सम्मेलन केंद्र परिसर में आयोजित किया जाएगा. प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने इस साल 26 जुलाई को इस परिसर का उद्घाटन किया था.

शिखर सम्मेलन के पहले दिन की समाप्ति के बाद राष्ट्रपति द्रौपदी भारत मंडपम में एक भव्य रात्रिभोज का आयोजन करने वाली हैं. अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन, ब्रिटिश प्रधान मंत्री ऋषि सुनक, सऊदी क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान, कनाडाई प्रधान मंत्री जस्टिन ट्रूडो और जापानी प्रधान मंत्री फुमियो किशिदा सहित विश्व नेताओं के इस सभा का हिस्सा बनने की उम्मीद है.

हांलाकि इस बात की भी पुष्टि नहीं हुई है लेकिन सूत्रों के हवाले से पीटीआई की एक रिपोर्ट में संकेत दिया गया है कि मेहमानों को भारतीय मानसून के दौरान खाए जाने वाले व्यंजनों के अनुरूप "विशेष रूप से तैयार किया गया मेनू" परोसा जाएगा. सूत्रों ने कहा कि औपचारिक रात्रिभोज के अवसर पर विशेष रूप से तैयार किए गए विशेष चांदी के बर्तन में परोसा जाएगा.

(PSU Watch– पीएसयू वॉच भारत से संचालित होने वाला  डिजिटल बिज़नेस न्यूज़ स्टेशन  है जो मुख्यतौर पर सार्वजनिक उद्यम, सरकार, ब्यूरॉक्रेसी, रक्षा-उत्पादन और लोक-नीति से जुड़े घटनाक्रम पर निगाह रखता है. टेलीग्राम पर हमारे चैनल से जुड़ने के लिए Join PSU Watch Channel पर क्लिक करें. ट्विटर पर फॉलो करने के लिए Twitter Click Here क्लिक करें)

SEBI rationalises KYC norms for FPIs, extends review period to up to 8 years

Bank of Baroda Q2 profit up 31% to Rs 6,737 cr on NSE stake-sale

RBI central board reviews prevailing economic conditions

Adani Energy Solutions gets CCI nod to acquire IntelliSmart Infrastructure

TRAI proposes board-approved AI policies, mandatory reporting of serious incidents by telcos